05/10/2026

भुवनेश्वर, 5 अक्टूबर 2026: समुदायों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए, खान मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नवरत्न सीपीएसई, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) ने एल.वी. प्रसाद आई इंस्टीट्यूट (एलवीपीईआई), हैदराबाद के साथ अपने मौजूदा समझौते में एक परिशिष्ट (एडेंडम) पर हस्ताक्षर कर नाल्को नगर, अनुगुल स्थित सेकेंडरी प्लस नेत्र चिकित्सा केंद्र के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
उल्लेखनीय है कि नाल्को ने एलवीपीईआई के सहयोग से अनुगुल में एक आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा का बुनियादी ढाँचा स्थापित किया था, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में विशिष्ट एवं किफायती नेत्र चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराना था। कुछ परिचालनगत चुनौतियों के कारण इस अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा के संचालन में विलंब हुआ। तथापि, परियोजना की व्यापक समीक्षा के उपरांत, नाल्को और एलवीपीईआई, हैदराबाद ने परिशिष्ट पर हस्ताक्षर के माध्यम से प्रमुख बाधाओं का सक्रियता से समाधान किया है, जिससे आगामी कुछ महीनों के भीतर केंद्र के शीघ्र संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
यह परिशिष्ट नाल्को फाउंडेशन, जो नाल्को की सीएसआर इकाई है, और एल.वी. प्रसाद आई इंस्टीट्यूट, हैदराबाद के बीच आज नाल्को निगम कार्यालय में हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर नाल्को के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, नाल्को के निदेशकगण, एलवीपीईआई के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रशांत गर्ग तथा नाल्को और एलवीपीईआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
संशोधित व्यवस्था के अंतर्गत, नाल्को फाउंडेशन और एलवीपीईआई सेकेंडरी प्लस नेत्र चिकित्सा केंद्र का संचालन शीघ्र शुरू करने के लिए समन्वित प्रयास करेंगे। आगामी केंद्र का संचालन और प्रबंधन उस संस्थान को सौंपा जाएगा, जो नेत्र चिकित्सा सेवाओं में उत्कृष्टता के लिए वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित है और भुवनेश्वर में एक तृतीयक नेत्र चिकित्सा केंद्र का भी संचालन करता है।
इस बहुप्रतीक्षित नेत्र चिकित्सा केंद्र के संचालन से अनुगुल एवं निकटवर्ती जिलों के निवासियों के लिए विशिष्ट नेत्र चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की अपेक्षा है। यह सुविधा किफायती एवं रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण नेत्र उपचार उपलब्ध कराएगी, जिसका विशेष लाभ नाल्को के परिधीय गाँवों में रहने वाले समुदायों को मिलेगा।
संचालन शुरू होने के बाद यह केंद्र अनुगुल, ढेंकनाल, देवगढ़, बौद्ध और निकटवर्ती जिलों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय नेत्र चिकित्सा केंद्र के रूप में उभरने की परिकल्पना है। इससे विशिष्ट नेत्र चिकित्सा सेवाओं तक पहुँच में उल्लेखनीय सुधार होगा और क्षेत्र के समग्र स्वास्थ्य ढाँचे को मजबूती मिलेगी।