22/10/2026
भुवनेश्वर, 22/10/2026: भारत सरकार, खान मंत्रालय के नवरत्न केंद्रीय लोक उद्यम, नेशनल एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (नालको) ने चल रहे तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत आज भुवनेश्वर में मुख्य सतर्कता अधिकारियों के सम्मेलन का आयोजन किया। इस बैठक का उद्घाटन नालको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह ने नालको के निदेशक (परियोजना एवं तकनीकी) श्री जगदीश अरोड़ा, निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. तापस कुमार पट्टनायक तथा निदेशक (वित्त) श्री अभय कुमार बेहुरिया, नालको के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री प्रणबज्योति नाथ, आईएएस की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम के दौरान गणमान्य अतिथियों ने पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने में सतर्कता की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। गणमान्य अतिथियों ने अपने संबोधनों में इस बात पर बल दिया कि जनता का विश्वास सुदृढ़ करने तथा संस्थागत विश्वसनीयता को मज़बूत बनाने के लिए एक सशक्त सतर्कता संस्कृति आवश्यक है। बैठक में भारत सरकार के खान मंत्रालय और केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के अधिकारियों, गेल, बीएचईएल, एमसीएल, बीईएल, एचसीएल, एसईसीएल सहित प्रमुख लोक उद्यमों के मुख्य सतर्कता अधिकारियों तथा सरकारी संगठनों, नालको के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के सतर्कता कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।
कार्यक्रम में निवारक सतर्कता के प्रमुख पहलुओं पर तकनीकी सत्र और चर्चाएँ आयोजित की गईं, जिनमें सतर्कता मंज़ूरी एवं संवेदनशील पदों की पहचान, शिकायत निपटान नीति, तथा सतर्कता – अवलोकन एवं सीमाएँ जैसे विषय शामिल थे। इन चर्चाओं ने विशेषज्ञों और मंचासीनों को उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने, व्यावसायिक अंतर्दृष्टि साझा करने तथा सतर्कता तंत्र को सुदृढ़ करने और नैतिक आचरण की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम पद्धतियों को साझा करने का मंच प्रदान किया।
विभिन्न क्षेत्रों के सार्वजनिक उपक्रमों और सरकारी संगठनों के सतर्कता पेशेवरों को एक मंच पर लाते हुए इस बैठक ने अंतर-संगठनात्मक सीख, ज्ञान-साझाकरण और संस्थागत विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को सुगम बनाया। विचार-विमर्श ने मौजूदा प्रणालियों को सुदृढ़ करने, निवारक सतर्कता पद्धतियों को बढ़ाने तथा लोक सेवा में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक शासन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की सामूहिक प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की।