04/11/2026
वित्त वर्ष 2026 – 27 की पहली छमाही की मुख्य झलकियाँ
भुवनेश्वर/ नई दिल्ली, 03.11.2026: भारत सरकार, खान मंत्रालय के नवरत्न केंद्रीय लोक उद्यम नेशनल एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (नालको) ने वित्त वर्ष 2026–27 की पहली छमाही में अपनी स्थापना के बाद से अब तक का सर्वश्रेष्ठ वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है तथा कुल आय, ईबीआईटीडीए, करपूर्व लाभ और कर-पश्चात लाभ सहित सभी प्रमुख वित्तीय मापदंडों पर रिकॉर्ड स्तर हासिल किया है। वित्त वर्ष 2026–27 की पहली छमाही में कंपनी की कुल आय ₹ 11,143 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के ₹ 8,374 करोड़ की तुलना में 33% की सुदृढ़ वृद्धि दर्शाती है। सशक्त प्रचालनात्मक एवं वित्तीय प्रदर्शन का परिचय देते हुए ईबीआईटीडीए 50% बढ़कर ₹ 5,539 करोड़ हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025–26 की इसी अवधि की तुलना में पीबीटी और पीएटी में क्रमशः 55% और 54% की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गई तथा ये क्रमशः ₹ 5,160 करोड़ और ₹ 3,837 करोड़ रहे।
इसी प्रकार, वित्त वर्ष 2026–27 की दूसरी तिमाही में कंपनी ने सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के लिए शुद्ध लाभ में 28% की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज करते हुए ₹ 1835 करोड़ अर्जित किया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के दौरान ₹ 1,433 करोड़ था।
नई दिल्ली में 02 नवंबर को आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में अनुमोदित अलेखापरीक्षित वित्तीय परिणामों के अनुसार, कंपनी की प्रचालनों से कुल आय ₹ 5419 करोड़ रही, जो वित्त वर्ष 2025–26 की दूसरी तिमाही में दर्ज ₹ 4,292 करोड़ की तुलना में 26% अधिक है। यह नालको की निरंतर प्रचालनात्मक उत्कृष्टता एवं सुदृढ़ व्यावसायिक प्रदर्शन को दर्शाता है।
यह उल्लेखनीय है कि उत्पादन के क्षेत्र में नालको ने वित्त वर्ष 2026–27 की पहली छमाही में 2.35 लाख टन का अब तक का सर्वाधिक एल्यूमिनियम कास्ट मेटल उत्पादन हासिल किया है। इसी प्रकार, बिक्री के क्षेत्र में भी नालको ने वित्त वर्ष 2026–27 की पहली छमाही में एल्यूमिना एवं धातु की अब तक की सर्वाधिक संचयी घरेलू बिक्री दर्ज की है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए ₹ 4.50 प्रति इक्विटी शेयर (₹ 5 प्रत्येक के अंकित मूल्य पर 90%) के अंतरिम लाभांश की घोषणा की है, जिसकी कुल राशि ₹ 826.48 करोड़ है।
परिणामों पर टिप्पणी करते हुए नालको के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वित्त वर्ष 2026–27 की दूसरी तिमाही एवं पहली छमाही में कंपनी का सशक्त प्रदर्शन सुदृढ़ प्रचालनात्मक दक्षता, उत्कृष्ट भौतिक प्रदर्शन तथा विवेकपूर्ण विपणन रणनीतियों से समर्थित अनुकूल बाज़ार परिस्थितियों का परिणाम है। कंपनी के विकास-पथ को रेखांकित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि नालको अपनी विस्तार पहलों के प्रति प्रतिबद्ध है। एल्यूमिना रिफाइनरी के पाँचवें स्ट्रीम विस्तार का कार्य कमीशनिंग के उन्नत चरण में है तथा अनुगुळ, ओडिशा में प्रस्तावित 0.5 एमटीपीए ब्राउनफील्ड स्मेल्टर विस्तार परियोजना की आधारभूत तैयारियाँ निरंतर प्रगति पर हैं। श्री सिंह ने आगे कहा, “प्रमुख विस्तार परियोजनाओं एवं क्षमता-वृद्धि योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए हमें विश्वास है कि हम देश के औद्योगिक विकास में योगदान देने के साथ-साथ सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करेंगे।”
श्री सिंह ने कंपनी की सतत वृद्धि एवं सशक्त वित्तीय प्रदर्शन का श्रेय कर्मचारियों के समर्पण व प्रतिबद्धता, प्रचालनात्मक उत्कृष्टता में निरंतर सुधार तथा हितधारकों के अटूट विश्वास को दिया। उन्होंने नालको के रणनीतिक उद्देश्यों एवं विकास पहलों को आगे बढ़ाने में निरंतर मार्गदर्शन व सहयोग के लिए भारत सरकार के खान मंत्रालय तथा ओडिशा सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।