एल्यूमिनियम रोल्ड प्रोडक्ट

नालको ने हाल ही में सतत कास्टर पद्धति (कन्टीन्यूअस कास्टर रूट) के माध्यम से फ्लैट रोल्ड एल्युमिनियम उत्पादों का उत्पादन प्रारंभ किया है। कुछ सीमित चौड़ाई एवं मोटाई में रोल्ड उत्पादों का उत्पादन एवं विक्रय भारत के घरेलू बाजार में किया जा रहा है। परिकल्पित उत्पाद शृंखला में AA1050, AA1100, AA1200, AA3003, AA3105, AA5005, AA5052, AA8011 आदि मिश्रधातुओं में विभिन्न आकारों के रोल्ड उत्पाद शामिल हैं। तथापि, प्रारंभ में, AA1050 एवं AA1100 मिश्रधातुओं में सीमित आकार शृंखला के रोल्ड उत्पाद निर्यात हेतु प्रस्तावित किए जाएंगे। अन्य मिश्रधातुओं एवं आकारों के रोल्ड उत्पाद बाद के चरण में क्रमिक रूप से निर्यात हेतु प्रस्तावित किए जाएंगे।

1. पंजीकरण — एल्युमिनियम रोल्ड उत्पाद

यह परिकल्पित है कि एल्युमिनियम रोल्ड उत्पादों का निर्यात, हमारे यहां पंजीकृत ग्राहकों से निविदाएं आमंत्रित कर एवं बोलियां आमंत्रित कर, अथवा हमारे यहां पंजीकृत ग्राहकों के साथ एक-से-एक (वन-टू-वन) आधार पर किया जाएगा।

रोल्ड उत्पादों का निर्यात विशाखापत्तनम एवं कोलकाता जैसे भारतीय बंदरगाहों से किया जाएगा तथा यह विदेशी क्रेता के साथ सीधे किए गए संविदाओं (कॉन्ट्रैक्ट) पर आधारित होगा तथा उनके द्वारा भारतीय स्टेट बैंक, भुवनेश्वर, भारत के स्थानिक काउंटरों पर देय (पेएबल एट साइट) एवं अमेरिकी डॉलर में खोले गए साख-पत्र (लेटर ऑफ क्रेडिट) पर आधारित होगा, जिसमें तीन कार्य दिवसों के भीतर टीटी प्रतिपूर्ति की अनुमति होगी। साख-पत्र नालको को स्वीकार्य किसी प्रथम श्रेणी अंतरराष्ट्रीय बैंक द्वारा खोला जाना चाहिए।

केवल सुदृढ़ वित्तीय एवं व्यावसायिक साख तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अनुभव रखने वाले विदेशी क्रेताओं को ही हमारे यहां पंजीकरण हेतु आमंत्रित किया जाता है। भारत सरकार के उपक्रमों के विदेशी कार्यालय भी पंजीकरण हेतु पात्र हैं। संभावित ग्राहकों का वार्षिक कारोबार 20 लाख अमेरिकी डॉलर अथवा तत्समान राशि से कम नहीं होना चाहिए। तथापि, प्रत्यक्ष उपभोक्ताओं/अंतिम उपयोगकर्ताओं के मामले में, इन मानदंडों में छूट दी जा सकती है।

उपर्युक्त मानदंडों को पूरा करने वाले तथा एल्युमिनियम रोल्ड उत्पादों के निर्यात विक्रय हेतु हमारे यहां पंजीकरण के इच्छुक ग्राहकों से अनुरोध है कि वे निम्नलिखित विवरण हमें भेजें:

  • पत्राचार हेतु कंपनी का नाम, पता, टेलीफोन, टेलीफैक्स, ई-मेल, साथ ही संपर्क व्यक्तियों के नाम एवं उनकी पदस्थिति।
  • कंपनी की व्यावसायिक गतिविधियों का विवरण।
  • प्रकाशित नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट। यदि ऐसी वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित नहीं की गई है, तो इस तथ्य की घोषणा की जानी चाहिए तथा प्रमाणित लेखा विवरण प्रस्तुत किया जाना चाहिए
  • क्रेता की शोधन क्षमता एवं वित्तीय सक्षमता के संबंध में बैंकर का प्रमाण-पत्र।
  • उन प्रथम श्रेणी अंतरराष्ट्रीय बैंकों के नाम, जिनके माध्यम से साख-पत्र खोले जाने का प्रस्ताव है।
  • पंजीकरण हेतु प्रासंगिक कोई अन्य जानकारी/दस्तावेज, जो क्रेता उपयुक्त समझे।

कृपया उपर्युक्त विवरण निम्नलिखित पते पर कूरियर करें

कार्यपालक निदेशक (विपणन)
नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड
नालको भवन, पी/1, नयापल्ली,
भुवनेश्वर 751 013, उड़ीसा, भारत।
फैक्स: +91 674 2300 521