17/08/2026
भुवनेश्वर, 17.08.2026: खान मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नवरत्न सीपीएसई, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (नालको) ने आज भुवनेश्वर स्थित अपने कॉर्पोरेट मुख्यालय में तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। ‘समृद्धि के लिए सद्निवेश (Probity for Prosperity) विषय पर आधारित इस अभियान का औपचारिक उद्घाटन श्री बुर्जेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, नालको ने किया। इस अवसर पर श्री पंकज कुमार शर्मा, निदेशक (उत्पादन), श्री जगदीश अरोड़ा, निदेशक (पी एंड टी), डॉ. तपस कुमार पट्टनायक, निदेशक (मानव संसाधन), श्री अभय कुमार बेहरिया, निदेशक (वित्त), श्री प्रणवज्योति नाथ, आईआरएस, सीवीओ, नालको तथा कंपनी के उच्च वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह पहल केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है और इसमें क्षमता निर्माण, डिजिटल पहल तथा अनुबंध प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान की अवधि के दौरान कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, हितधारकों एवं आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों, प्रशिक्षण सत्रों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
श्री बुर्जेंद्र प्रताप सिंह अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक ने दक्षता सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन के लिए सामूहिक प्रयास एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रणाली में पारदर्शिता एवं दक्षता को सुदृढ़ करने में सतर्कता विभाग के प्रयासों की सराहना की। प्रारंभ में, श्री प्रणवज्योति नाथ, आईआरएस, सीवीओ ने अभियान अवधि के दौरान प्रस्तावित विभिन्न विचारक सतर्कता गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा अभियान के महत्व एवं इसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने इस पहल को अधिक सहभागी एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधितों से सुझाव भी आमंत्रित किए।