01/08/2026
भुवनेश्वर, 01.08.2026: भारत के अग्रणी एल्यूमिना और एल्यूमिनियम का उत्पादक एवं निर्यातक नेशनल एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (नालको), जो खान मंत्रालय, भारत सरकार का केंद्रीय नवरत्न लोक उद्यम है, ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की मजबूत शुरुआत करते हुए पहली तिमाही में सुदृढ़ परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन किया है। परिचालन उत्कृष्टता और विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन द्वारा समर्थित, कंपनी का प्रदर्शन दक्षता, मूल्य निर्माण और सतत विकास पर इसके निरंतर ध्यान को दर्शाता है।
नई दिल्ली में हुई निदेशक मंडल की बैठक में अनुमोदित वित्तीय परिणामों के अनुसार, नालको ने 30 जून, 2026 को समाप्त पहली तिमाही के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने शुद्ध लाभ में 88% की वृद्धि दर्ज की, जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी तिमाही में 1063.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 2002.38 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में परिचालन से राजस्व में भी 39 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जो तिमाही के दौरान बढ़कर 5302.38 करोड़ रुपये हो गया है।
बोर्ड ने आगामी 45वीं वार्षिक साधारण बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1 रुपये प्रति इक्विटी शेयर (5 रुपये के अंकित मूल्य पर 20%) के अंतिम लाभांश की भी सिफारिश की है, जो 183.66 करोड़ रुपये है।
कंपनी के मजबूत पहली तिमाही के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए, नालको के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने निदेशक मंडल के रणनीतिक मार्गदर्शन और कंपनी के कर्मचारियों, व्यावसायिक सहयोगियों तथा हितधारकों की अटूट प्रतिबद्धता को प्रभावशाली परिणामों का श्रेय देते हुए कहा कि: “नालको ने कंपनी की परिचालन सुदृढ़ता और विवेकपूर्ण व्यापार रणनीति को दर्शाते हुए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत मजबूत तरीके से की है। पहली तिमाही के दौरान मजबूत प्रदर्शन को अनुकूल वैश्विक एल्यूमिनियम मूल्य, उच्च उत्पादन और बिक्री मात्रा, विशेष रूप से घरेलू एल्यूमिना बिक्री में वृद्धि तथा अनुकूल घरेलू कारोबारी माहौल का समर्थन मिला।”
खान मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिए गए अमूल्य मार्गदर्शन और समर्थन तथा ओडिशा सरकार के निरंतर सहयोग को स्वीकार करते हुए, श्री सिंह ने आगे कहा कि जैसे-जैसे कंपनी आगे बढ़ रही है, नालको अपनी सभी हितधारकों के लिए निरंतर मूल्य प्रदान करने के लिए क्षमताएं बढ़ाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने, संसाधन उपयोग को अनुकूलित करने के साथ-साथ अनुसंधान एवं विकास नवाचार पर जोर देने के साथ-साथ चल रही विस्तार परियोजनाओं को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
विशेष रूप से, पिछले वित्तीय वर्ष की इसी तिमाही की तुलना में, नालको ने 19.52 लाख टन के साथ अब तक का प्रथम तिमाही में सर्वाधिक बॉक्साइट उत्खनन और 5.77 लाख टन के साथ अब तक का प्रथम तिमाही में सर्वाधिक कैल्सिन्ड एल्यूमिना उत्पादन दर्ज किया है। बिक्री के दृष्टिकोण से कंपनी ने एल्यूमिना/हाइड्रेट का प्रथम तिमाही में अब तक की सर्वाधिक बिक्री 3.47 लाख टन हासिल की है।